Wednesday, June 3, 2009

लोकसभा में भाई भतीजावाद की झालाक

नयी दिल्ली। लोकसभा में आज परिवारवाद की झलक देखने को मिली जब कई बेटे बेटियों और नाते रिश्तेदारों ने सदन की सदस्यता की शपथ ली। कांग्रेस और भाजपा के दो युवा गांधी राहुल और वरूण ने भी आज ही शपथ ग्रहण की।जहां विपक्षी सदस्यों की मेजों की थपथपाहट के बीच वरूण और उनकी मां मेनका गांधी ने शपथ ली वहीं सत्ता पक्ष की ओर से उससे जोरदार मेजों की थपथपाहट के बीच राहुल गांधी ने भी शपथ ली। उनकी मां सोनिया गांधी कल शपथ ले चुकी हैं। राहुल को शपथ लेते देखने बहन प्रियंका पति राबर्ट वाडेरा के साथ सदन की विशिष्ट दीर्घा में मौजूद थीं।रालोद प्रमुख अजीत सिंह और उनके बेटे जयंत चौधरी ने भी आज ही शपथ ली। जयंत पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। वह मथुरा से चुनाव लडे थे।पिता पुत्र की कड़ी में सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव और उनके बेटे अखिलेश यादव ने भी शपथ ली। मुलायम मैनपुरी से तो अखिलेश कन्नौज से जीते हैं। अखिलेश फिरोजाबाद सीट पर भी चुनाव जीते थे लेकिन उन्होंने 21 मई को वहां से इस्तीफा दे दिया। मुलायम के भतीजे धर्मेन्द्र यादव ने भी शपथ ली जो बदायूं से सांसद चुने गये हैं।पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर ने सदन की सदस्यता की शपथ ली। वह अपने पिता की परंपरागत सीट बलिया से जीतकर आये हैं।अन्य जिन मंत्रियों ने आज शपथ ली उनमें प्रतीक पाटिल श्रीप्रकाश जायसवाल ,हरीश रावत और रेल मंत्री ममता बनर्जी प्रमुख रहीं। कल ममता कोलकाता में थी। क्रिकेटर से नेता बने अजहरूददीन के शपथ ग्रहण के समय उनकी पत्नी संगीता बिजलानी दर्शक दीर्घा में मौजूद थीं। सदस्यों के शपथ लेने की प्रक्रिया आज लगभग पूरी हो गयी। 543 सदस्यीय लोकसभा के 335 सदस्यों ने कल शपथ ली थी। शेष में से अधिकांश ने आज शपथ ली। जिन सदस्यों की शपथ अभी नहीं हो सकी है वे आने वाले दिनों में सदस्यता की शपथ लेंगे।वरूण आज जब शपथ ले रहे थे उनकी ताई सोनिया और चचेरी बहन प्रियंका मुस्कुराते देखी गयीं। उन्होंने सोनिया को नमस्कार भी किया जबकि उनकी मां मेनका ने सत्ता पक्ष की ओर नहीं देखा।पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की परंपरागत सीट लखनऊ से जीतकर आये लालजी टंडन का उनके पार्टी सहयोगियों ने शपथ लेते समय जबर्दस्त स्वागत किया। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत कुमार ने भी आज शपथ ली। अन्नाद्रमुक के सभी नौ सांसदों ने ईश्वर के नाम पर शपथ ली जबकि द्रमुक सांसदों ने सत्यनिष्ठा के नाम पर शपथ ली। तमिलनाडु के सभी सांसदों में हालांकि एक समानता रही कि उन्होंने तमिल में शपथ ली।भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह और सपा के समर्थन से निर्दलीय चुनाव जीते कल्याण सिंह ने भी आज ही शपथ ग्रहण की।शपथ लेने वालों में कई बालीवुड, टालीवुड और कालीवुड सितारे शामिल थे। इनमें सपा की जयाप्रदा, बिहारी बाबू के नाम से मशहूर भाजपा के शत्रुघन सिन्हा, दक्षिण भारतीय फिल्मों की लेडी अमिताभ के नाम से मशहूर विजया शांति, बांग्ला फिल्मों की अभिनेत्री शताब्दी राय और अभिनेता तापस पाल तमिल फिल्म स्टार शिवकुमार प्रमुख थे।

No comments:

Post a Comment