Tuesday, May 26, 2009

मुख्यमंत्री सचिवालय को जनमुखी बनाने का प्रयास तेज

कोलकाता। राइटर्स बिल्डिंग में मुख्यमंत्री सचिवालय को अब जनमुखी बनाने का प्रयास शुरू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री बुद्धदेव भंट्टाचार्य के निर्देश पर इसे लेकर नौकरशाहों की गतिविधियां तेज हो गयी है। राइटर्स बिल्डिंग सूत्रों के मुताबिक श्री भंट्टाचार्य पहले से ही मुख्यमंत्री सचिवालय में आमुलचूल परिवर्तन करने पर जोर देते रहे हैं लेकिन लोकसभा चुनाव में पार्टी को झटका लगने के बाद अब वह इसके लिए विशेष रूप से सक्रिय हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सचिवालय के समस्त अफसरों से सरकार की खामियों को ढूढ़ने और जनता के हित में काम करने के लिए राय मांगी है।
मुख्यमंत्री सचिवालय में वर्तमान में दो आइएस अफसर शामिल हैं। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुवेश दास सहित मुख्यमंत्री सचिवालय में दो वरिष्ठ आईएस अफसर हैं। इसके अतिरिक्त दो संयुक्त सचिव, एक उपसचिव, निजी सचिव, और सहायक निजी सचिव भी मुख्यमंत्री सचिवालय टीम में हैं और इसमें 60 योग्य कर्मचारियों का समूह भी है। सरकार के काम की गति बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय को पीएमओ आफिस के ढांचे पर तैयार करने की बात भी उठती रही है लेकिन पार्टी ने इसके लिए हरी झंडी नहीं दी। पीएमओ आफिस का सभी मंत्रालयों पर नियंत्रण होता है लेकिन राज्य में मुख्यमंत्री सचिवालय अन्य विभागों में ज्यादा हस्तक्षेप नहीं करता। अब बदलते हालात में मुख्यमंत्री सचिवालय विशेष रूप से सक्रिय होगा और महत्वपूर्ण मामलों में वह हस्तक्षेप करेगा। भूमि अधिग्रहण और उद्योग मामले में मुख्यमंत्री सचिवालय विशेष रूप से नजर रखेगा। शिकायतों को सुनने और उसे तत्काल निपटारा करने के लिए जनता के साथ संपर्क स्थापित करने और जरूरमंदों को हर तरह से मदद करने पर जोर दिया जायेगा। मुख्यमंत्री अपने सहयोगी मंत्रियों के साथ अक्सर बैठक करेंगे और विकास मूलक कायरें की समीक्षा करेंगे।

No comments:

Post a Comment