Saturday, May 23, 2009

संघर्षो से भरा रहा है ममता का सफर

पांच साल पहले लोकसभा चुनाव में केवल एक सीट हासिल करने वाली ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस ने इस बार के चुनाव में पश्चिम बंगाल में जबरदस्त सफलता हासिल की और वामपंथियों के गढ़ में सेंध लगाने के एवज में उन्हें केंद्र में रेल मंत्री पद का तोहफा मिला। शिक्षक के तौर पर सेवाएं दे चुकीं ममता के लिए यह यात्रा बहुत सुगम नहीं रही। 1998 में उन्होंने कांग्रेस से संबंध तोड़कर तृणमूल कांग्रेस का गठन किया था। दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी प्रोमिलेश्वर बनर्जी की पुत्री ममता ने 1970 के दशक में कोलकाता के जोगमाया देवी कालेज में अध्ययन के दौरान कांग्रेस के विद्यार्थी संगठन पश्चिम बंगाल छात्र परिषद से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया। पार्टी की राजनीति में कदम दर कदम बढ़ीं ममता बनर्जी ने 1979-80 में पश्चिम बंगाल महिला कांग्रेस के महासचिव की जिम्मेदारी संभाली और इसके अलावा अन्य पदों को भी संभाला। उनके लिए राजनीति में पहला महत्वपूर्ण क्षण तब आया जब उन्होंने 1984 में माकपा के दिग्गज नेता सोमनाथ चटर्जी को जादवपुर लोकसभा क्षेत्र में शिकस्त दी। इसके बाद वह 1989, 1991, 1996, 1998, 1999 और 2004 में भी कोलकाता दक्षिण से संासद चुनी गईं। पहली बार वह 1991 में सत्ता के गलियारे में पहुंची, जब वह पीवी नरसिंहाराव सरकार में मानव संसाधन विकास, युवा मामलों और खेल एवं महिला और बाल विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री चुनी गईं। वर्ष 1999 में प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की सरकार में ममता बनर्जी को रेल मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वर्ष 2004 में वह कोयला मंत्री रहीं। वर्ष 2003-04 में कुछ समय तक वह बिना विभाग की केंद्रीय मंत्री भी रहीं। ममता ने 1998 में कांग्रेस का साथ छोड़कर तृणमूल कांग्रेस का गठन किया और दो साल बाद भाजपा नीत राजग का दामन थामा। हालांकि वर्ष 2001 में उन्होंने रक्षा सौदों में तहलका मामले के उजागर होने के बाद रेल मंत्री का पद और राजग का साथ छोड़कर पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस से गठबंधन किया, लेकिन वामपंथियों के खिलाफ कुछ खास सफलता हासिल नहीं कर सकीं। इसके बाद उन्हें जनवरी 2004 में राजग सरकार में लौटना पड़ा। रोचक तथ्य यह है कि ममता ने 2001 में तहलका मामले को लेकर तत्कालीन राजग संयोजक और रक्षा मंत्री जार्ज फर्नांडीज पर निशाना साधा था और फर्नांडीज ने ही ममता को गठबंधन में वापस लाने और मंत्रालय दिलाने में मदद की। पश्चिम बंगाल में वामपंथियों के खिलाफ हमेशा आवाज उठाने वाली ममता को राष्ट्रीय स्तर पर और भी अधिक पहचान उस दौरान मिली जब उन्होंने सिंगूर और नंदीग्राम पर विरोध प्रदर्शन किए।

No comments:

Post a Comment