Wednesday, May 27, 2009

छत व पेड़ बने तबाह लोगों के पनाहगाह

कोलकाता सैकड़ों गांव जलमग्न। घरों, अन्य इमारतों की छतों और पेड़ों पर शरण लिए लोग। हजारों की तादाद में खंभे धराशायी, नतीजतन बिजली व्यवस्था ठप। टावरों के गिरने से संचार व्यवस्था भी खामोश। रेल और हवाई सेवा प्रभावित। पश्चिम बंगाल में तबाही की यह निशानियां दे गया है 'आइला' यानी प्रलयंकारी तूफान। सोमवार को मौत बनकर आया यह तूफान 70 से अधिक जिंदगियों को समेट ले गया है। दर्जनों लोग लापता हैं। कम से कम 14 लाख लोग प्रभावित हैं। बहरहाल राहत कार्य युद्ध स्तर पर है।
उत्तर-दक्षिण 24 परगना तबाह पश्चिम बंगाल में 'आइला' ने सर्वाधिक तबाही उत्तर और दक्षिण 24 परगना में मचाई है। इन दोनों जिलों में 50 लोगों की मौत हो गई है। अस्सी हजार से अधिक लोग बेघर हो गए हैं। 20 हजार से अधिक कच्चे मकान ढह गए हैं। विभिन्न नदियों पर बने करीब 16 बांध टूट चुके हैं। सैकड़ों गांव जलमग्न हैं। हजारों एकड़ फसल बरबाद हो गई है। इन दोनों जिलों में लोग घरों, ऊंची इमारतों की छतों व पेड़ों पर शरण लिए हैं। बिजली आपूर्ति और टेलीफोन ठप हैं। रेल और हवाई सेवा भी प्रभावित है।
हेलीकाप्टर व बोट के साथ जुटी सेना सेना के जवान हेलीकाप्टर व स्पीड बोट की मदद से राहत कार्य में जुटे हैं और फंसे लोगों को निकाल रहे हैं। मंगलवार को सेना के करीब दो सौ जवान राहत कार्य के लिए प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। दो हेलीकाप्टर और छह स्पीड बोट भी राहत और बचाव कार्य में लगाए गए हैं। सेना की इन टीमों को सबसे प्रभावित संदेशखाली, कुलतली और सुंदरवन के इलाके में राहत सामग्री पहुंचाने और फंसे लोगों को बाहर निकालने में लगाया गया है। सेना के छह कालम को सतर्क भी रखा गया है।
बीस ट्रक खाद्य सामग्री पहुंचीमुख्यमंत्री बुद्धदेव भंट्टाचार्य ने मंगलवार को दक्षिण चौबीस परगना जिले के कुल्टी इलाके का दौरा कर राहत कैंप और प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने दो दिन के अंदर क्षतिपूर्ति मुहैया कराने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बीस से अधिक ट्रकों से खाद्य पदार्थ पहुंचाए गए हैं। राहत के लिए प्रधानमंत्री से भी उन्होंने बातचीत की है। तीन मंत्रियों को प्रभावित क्षेत्रों में कैंप करने को कहा गया है। प्रभावितों के बीच हेलीकाप्टर के अलावा आठ ट्रकों से चूड़ा, गुड़ और अन्य सूखा खाना पहुंचाया जा रहा है। राहत शिविर कायम किए गए हैं।
चार्ज लेकर ममता पहुंची काकद्वीप कोलकाता में रेल मंत्री का कार्यभार संभालने के बाद ममता बनर्जी ने मंगलवार को दोपहर विशेष ट्रेन से काकद्वीप का दौरा कर राहत व बचाव कार्य का जायजा लिया। पश्चिम बंगाल के वित्तमंत्री असीम दासगुप्ता और राहत मंत्री मुर्तजा हुसैन ने तूफान प्रभावितों के बीच 25 लाख रुपये अनुदान की घोषणा की।
दार्जिलिंग में भूस्खलन, 15 मरेजबरदस्त बारिश के कारण पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में भूस्खलन के कारण 15 लोगों की मौत हो गई है। नौ तो खास दार्जिलिंग और उपनगर कर्सियांग में छह लोग मरे हैं। दार्जिलिंग के जिला पदाधिकारी सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि सेना की पांच टीमों को राहत व बचाव कार्य में लगाया गया है।
पूर्वोत्तर भी चपेट मेंपश्चिम बंगाल के अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में भी खासा नुकसान पहुंचा है। सिक्किम के गंगटोक में तीन सौ घर ढह गए हैं। भू-स्खलन के कारण अवरुद्ध हुए सड़कों पर यातायात शुरू करने के लिए बीएसएफ की आपदा प्रबंधन टीम को भी बुलाया गया है। मेघालय, त्रिपुरा और पश्चिमी असम में भी दो दिनों से जारी भारी वर्षा और पचास से साठ किलोमीटर की रफ्तार से चल रहे तूफान के कारण सैकड़ों घर ढह गए और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है।
बांग्लादेश में पांच सौ लापताआइला तूफान ने बांग्लादेश में कहर बरपाया। 62 लोगों की मौत घरों के गिरने और डूबने से हो गई है। मछुआरों सहित पांच सौ लोग लापता हैं। सोमवार को सौ किलोमीटर की रफ्तार से बांग्लादेश के समुद्रतटीय इलाके से गुजरे 'आइला' ने जान माल को भारी नुकसान पहुंचाया।

No comments:

Post a Comment